राजस्थान में भाजपा की रिकार्ड जीत
राजस्थान में भाजपा की रिकार्ड जीत
राजस्थान की 25 सीटों पर बीजेपी का एकतरफा परचम लहराया
अनीष व्यास
स्वतंत्र पत्रकार
निर्वाचन विभाग की ओर से अब तक प्राप्त रुझानों के मुताबिक भीलवाड़ा सीट से भाजपा के सुभाष चन्द्र बहेड़िया ने छह लाख से अधिक मत से बढ़त बनायी हुई है। वहीं कम-से-कम दो सीट पर पार्टी प्रत्याशी पांच लाख से अधिक मत से आगे चल रहे हैं। दूसरी ओर कम-से-कम चार सीटों पर भाजपा प्रत्याशी चार लाख मत से आगे हैं।
बीकानेर लोकसभा सीट से केन्द्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल और जालौर लोकसभा सीट से भाजपा के वर्तमान सांसद देवजी पटेल लगातार तीसरी बार जीत दर्ज करने की ओर अग्रसर हैं।
निवार्चन विभाग से मिले रूझान के अनुसार, बीकानेर सीट पर भाजपा के वरिष्ठ नेता और केन्द्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल अपने निकटतम प्रतिद्वन्दी मदन गोपाल मेघवाल से 2.60 लाख मतों से आगे चल रहे हैं।
भाजपा का गढ़ मानी जाने वाली बीकानेर सीट पर 2004 में भाजपा के टिकट पर बालीवुड अभिनेता धर्मेन्द्र ने जीत दर्ज की थी। वहीं 2009 और 2014 के लोकसभा चुनाव में मेघवाल ने जीत दर्ज की थी।
जालौर लोकसभा क्षेत्र से भाजपा के वर्तमान सांसद देवजी पटेल ने 2009 और 2014 के लोकसभा चुनाव में जीत दर्ज की थी। 2004 में इस सीट पर भाजपा उम्मीदवार बी सुशीला ने चुनाव जीता था। पटेल अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस उम्मीदवार रतन देवासी से 2.25 लाख मतों के अंतर से आगे चल रहे है।
नरेन्द्र मोदी सरकार के मंत्रिमंडल के सदस्यों में जयपुर ग्रामीण लोकसभा सीट से राज्यवर्धन सिंह राठौड, पाली लोकसभा सीट से पी पी चौधरी, बीकानेर लोकसभा सीट से अर्जुन राम मेघवाल और जोधपुर लोकसभा सीट से गजेन्द्र सिंह शेखावत अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वियों से लगभग दो लाख से अधिक मतों के अंतर से आगे चल रह रहे हैं।
झालावाड़-बांरा लोकसभा क्षेत्र से पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के पुत्र दुष्यंत सिंह 4.29 लाख मतों से आगे चल रहे है। दुष्यंत सिंह की यह लगातार चौथी जीत होगी।
अगर राजग गठबंधन और भाजपा रूझानों के अनुसार जीत दर्ज करते हैं तो यह अपने आप में रिकार्ड होगा क्योंकि राज्य में किसी भी पार्टी या गठबंधन ने लगातार दो चुनाव में इस तरह की जीत दर्ज नहीं की है। 2014 के चुनाव में भाजपा ने राज्य की सभी 25 सीटें जीती थीं। इस बार भाजपा ने नागौर लोकसभा सीट गठबंधन के तहत राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी को दी। इस सीट पर राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के हनुमान बेनीवाल आगे चल रहे हैं।
राज्य में आमतौर पर उसी पार्टी को लोकसभा चुनाव में बढ़ मिलती रही है जिसकी राज्य में सरकार हो लेकिन इस बार यह 'परंपरा' टूटती नजर आ रही है।
Comments
Post a Comment