केर सांगरी- राजस्थान की प्रसिद सब्ज़ी
केर सांगरी- राजस्थान की प्रसिद सब्ज़ी
रंजीता अनीष व्यास की रसोई में आपका हार्दिक स्वागत है। स्वाद भरी दुनिया ग्रुप आप सभी के लिए है। आप सभी नई नई स्वादिष्ट डिश बनाई है और स्वाद भरी दुनिया ग्रुप में भेजिए। केर सांगरी सब्जी और पंचकुटा एक शाही सब्जी है। केर सांगरी और कुमटिया की तुलना सूखे मेवों से की जाती है। ये रेगिस्तान में उगने वाले विशेष प्रकार के पौधों पर लगने वाले फल हैं। केर संगरी एक बेहद स्वादिष्ट सब्ज़ी है। केर का पौधा काँटों वाला होता है। केर शुरू में कड़वे स्वाद का होता है जिसे नमक के पानी में भिगोकर रखा जाता है। जिससे उसका कड़वापन निकल जाता है। फिर इसे सुखाया जाता है और वर्ष भर सब्जी या अचार के रूप में उपयोग में लाया जाता है। सांगरी की फली खेजड़ी के पेड़ पर लगती है। हरी कच्ची फलियों को तोड़कर उबालकर सुखा लिया जाता है जिसकी सब्जी बनाई जाती है। पकने के बाद यह पेड़ से गिर जाती हैं जिन्हें खोखा के नाम से जाना जाता है। ये स्वादिष्ट होती हैं और बच्चे बड़े चाव से इन्हें खाते हैं। केर सांगरी एक पारंपरिक तीखी सब्ज़ी है जिसे केर और सांगरी से बनाया जाता है। लाल मिर्च, अजवायन और कुछ मसालों जैसे आम सामग्री के साथ आसानी से पकाई हुई।सामग्री
सांगरी - 1 कप
कैर - 1/4 कप
तेल - 4-5 चम्मच
हरा धनियां - 2-3 चम्मच
किशमिश - 2-3 चम्मच
जीरा - आधा छोटी चम्मच
हींग - 2 पिंच
साबुत लाल मिर्च - 3-4
लाल मिर्च पाउडर - 1 छोटी चम्मच
गरम मसाला - आधा छोटी चम्मच
नमक - 1.5 छोटी चम्मच या स्वादानुसार
धनियां पाउडर - 1.5 छोटी चम्मच
अमचूर पाउडर - 1 छोटी चम्मच
हल्दी पाउडर - आधा छोटी चम्मच
विधि
केर और सांगरी बाजार में सूखे हुए मिलते हैं इनको अच्छी तरह साफ करके, 4-5 बार अच्छी तरह पानी से धो लीजिये, इसके बाद रात भर के लिये पानी में भिगो दीजिये। अगर आप दोनों को दही या छाछ में भिगो कर रात भर रखेंगे तो स्वाद और शानदार आयेगा। सुबह इसे निकाल कर एक बार फिर धो लीजिये। अब भीगे हुये केर सांगरी को उबालने के लिये कुकर में 2 कप पानी के साथ चढ़ा दीजिये। दो सीटी के बाद गैस धीमी कर दें और 2 से 3 तक पकाइये। गैस बन्द करके भाप निकल जाने का इंतजार करें और फिर उबली हुई केर सांगरी को छ्लनी में डाल कर अतिरिक्त पानी निकाल दीजिये। अब कढ़ाई में तेल डालकर गरम कीजिये। गर्म तेल में हींग और जीरा डालिये। दोनों के भुन जाने पर इसमें हल्दी पाउडर, धनिया पाउडर, साबुत लाल मिर्च डाल कर मसाले को थोड़ा सा भून लीजिये। अब इस मसाले में केर सांगरी डाल दीजिये। ऊपर से लाल मिर्च पाउडर, अमचूर पाउडर, गरम मसाला, नमक और किशमिश डाल दीजिये और सब्जी को चलाते हुये 3-4 मिनट तक पकाइये। गैस बंद कर दीजिए। अब आपकी केर सांगरी की सब्जी तैयार है। थोड़ा सा हरा धनिया डालकर पूरी या परांठे के साथ खाइये और खिलाइये।
सादर
रंजीता अनीष व्यास
स्वाद भरी दुनिया ग्रुप
Comments
Post a Comment